‘समझौता लागू नहीं हुआ तो रोक देंगे भारत जोड़ो यात्रा’:विजय सिंह बैंसला बोले- हम मनुहार करते-करते थक गए, अब क्या आरती उतारें
November 20, 2022
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के राजस्थान में प्रवेश करने से पहले ही इसका विरोध शुरू हो गया है। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने गुर्जर आरक्षण के शेष समझौते नहीं लागू करने पर राजस्थान में इस यात्रा का विरोध करने का ऐलान किया है।
विजय सिंह बैंसला झुंझुनूं जाते समय रविवार को सीकर के रींगस में भैरूं मंदिर में दर्शन के लिए रुके थे। इस दौरान उन्होंने कहा- यदि गुर्जर आरक्षण के समझौते लागू नहीं होते तो कांग्रेस राजस्थान में अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालकर दिखाए।
बैंसला ने कहा- कांग्रेस सरकार ने ही गुर्जर आरक्षण मामले को लेकर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के साथ समझौते किए थे, लेकिन अभी तक उन्हें लागू नहीं किए। ऐसे में अब क्या हम उनकी आरती उतारेंगे। हमारे बच्चों की नौकरियां 6 महीने से बंद हैं। हम कब तक इंतजार करेंगे। मैं सरकार के सामने 10 बार बात रख चुका हूं, लेकिन सरकार साइन करने के बाद भूल गई है।